राजस्थान के खाटूश्यामजी में प्रसाद बेचने को लेकर दूकानदारो के बीच जमकर मारपीट : भक्तो में मची अफरा तफरी

सीकर जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल खाटूश्यामजी में नए साल के मौके पर श्रद्धा और आस्था के माहौल के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रसाद बेचने को लेकर दो दुकानदार आपस में भिड़ गए।

  


सीकर जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल खाटूश्यामजी में नए साल के मौके पर श्रद्धा और आस्था के माहौल के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रसाद बेचने को लेकर दो दुकानदार आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के दौरान वहां से गुजर रहे श्रद्धालु दहशत में आ गए, जबकि कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनाव का माहौल बन

 घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, खाटूश्यामजी गांव में लखदातार ग्राउंड के पास आमने-सामने प्रसाद की दुकान लगाने वाले दो दुकानदारों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गई। बताया जा रहा है कि दोनों दुकानदारों के बीच प्रसाद बेचने और ग्राहकों को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था, जो भीड़ बढ़ने के साथ उग्र हो गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों दुकानदार एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगे। अचानक हुई इस मारपीट से वहां मौजूद श्रद्धालु घबरा गए। कई भक्त डर के मारे वहां से हट गए, जबकि कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश भी की। इसी दौरान किसी ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दोनों दुकानदार सार्वजनिक स्थान पर एक-दूसरे से भिड़ते नजर आ रहे हैं, जबकि आसपास भक्तों की आवाजाही जारी है। वायरल वीडियो ने खाटूश्यामजी में सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर तब जब नए साल और आगामी मेलों को लेकर श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।
घटना की सूचना मिलते ही खाटूश्यामजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने दोनों दुकानदारों को अलग कर शांति बहाल की। इसके बाद दोनों आरोपियों को शांतिभंग की धाराओं में गिरफ्तार किया गया।

इस मामले में खाटूश्यामजी थानाधिकारी पवन कुमार चौबे ने बताया कि, "दो दुकानदारों के बीच आपसी विवाद के चलते मारपीट की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। दोनों पक्षों को शांतिभंग में गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल इस मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।"
पुलिस का कहना है कि यदि किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दी जाती है, तो मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों को समझाइश देकर शांति बनाए रखने की हिदायत दी गई है।


गौरतलब है कि खाटूश्यामजी देशभर में आस्था का बड़ा केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की घटनाएं न केवल कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती हैं, बल्कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और धार्मिक माहौल पर भी असर डालती हैं। पुलिस प्रशासन ने दुकानदारों और स्थानीय व्यापारियों से अपील की है कि वे आपसी विवाद को बातचीत से सुलझाएं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। 

Comments

Popular posts from this blog

जयपुर में नौकरी के नाम पर किडनैपिंग और लूट: मास्टरमाइंड उदय मेहरा समेत गैंग गिरफ्तार, पुलिस ने सड़क पर निकाला बदमाशों का 'जुलूस'

रसीली में नि शुल्क जांच व विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन 4 जनवरी को